उन्नाव। हैदराबाद में महिला वेटनरी डॉक्टर के साथ हुई हैवानियत के बाद लोगों का गुस्सा थमा भी नहीं था कि पहले बक्सर और अब उन्नाव से महिलाओं के साथ दरिंदगी होने की खबरें सामने आईं है। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक दिल दहलाने वाली घटना में जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक नविवाहिता को जिंदा जला दिया। गंभीर हालत में महिला को लखनऊ रैफर किया गया जहां उसका इलाज जारी है। जलने की वजह से महिला 90 फीसदी जल गई है। इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 90 फीसदी झुलसने के बाद भी महिला को मदद के लिए 1 किलोमीटर तक चलने को मजबूर होना पड़ा था। इसके बाद उसने एक घर के बाहर मदद की गुहार लगाई। फिर पुलिस को फोन कर अपनी आपबीती बताई थी।
आरोपियों द्वारा जलाए जाने के बाद उनसे बचकर महिला एक किलोमीटर तक पैदल चली थी। आज तक की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीणों ने महिला को जलने के बाद एक किलोमीटर तक पैदल चलते देखा। इसके बाद उसने खुद ही 112 नंबर पर फोन किया और पुलिस को अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। पीड़िता के फोन के बाद ही पीआरवी और एंबुलेंस उस तक पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह जब वह दुष्कर्म मामले की सुनवाई के लिए रायबरेली के लिए घर से निकली तो आरोपी ने उस पर केरोसीन छिड़ककर आग लगा दी थी। इस मामले में पुलिस ने सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।